आर०टी०ई० योजना का लें लाभ: मुख्य विकास अधिकारी
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी गाजियाबाद
गाजियाबाद।श्री अभिनव गोपाल, मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद ने अवगत कराया कि नवीन शैक्षिक सत्र में आर०टी०ई० योजना के अन्तर्गत निःशुल्क दाखिले की प्रक्रिया जनवरी माह से शुरु होने जा रही है। इस योजना में 03 वर्ष से अधिक एवं 07 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों के निःशुल्क दाखिले हेतु ऑनलाईन फॉर्म भरे जायेंगे। इस योजना में दुर्बल वर्ग (ईडब्लूएस) और अलाभित समूह के अभिभावक अपने बच्चों का निःशुल्क दाखिला अपने घर के वार्ड या ग्राम पंचायत में स्थित प्राइवेट स्कूल में करा सकते है, इसलिए जनपद के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जन प्रतिनिधियों से अनुरोध है कि अपने आस-पास रहने वाले गरीब, जरूरतमंद परिवारों को यह जानकारी दें एवं उनके बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का अवसर प्रदान करने में सहयोग करें। आर०टी० ई० योजना के अन्तर्गत निःशुल्क दाखिला प्री-प्राईमरी या कक्षा-1 में प्राइवेट स्कूलों में कराया जाता है। दुर्बल आय वर्ग के अभिभावक को 1 लाख से कम वार्षिक आय का प्रमाण पत्र, अलाभित समूह के अभिभावक को जाति प्रमाण पत्र, अभिभावक/माता/पिता की फोटोयुक्त आई०डी०/आधार कार्ड, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं बच्चे की एक फोटो ऑन लाइन फॉर्म भरने के लिये आवश्यक हैं। इसके अतिरिक्त विकलांग, निराश्रित बेघर, विधवा पेंशन प्राप्तकर्ता अभिभावक भी संबंधित प्रमाण पत्र के साथ अपने बच्चों का आवेदन ऑन लाइन पोर्टल rte25.upsdc.gov.in पर कर सकते हैं। अतः आप सभी से पुनः अनुरोध है
कि इस योजना का लाभअधिक से अधिक गरीब परिवारों तक पहुंचने में जिला प्रशासन को अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान कीजिए।












