एमजी कालेज में 22 जनवरी को छात्रसंघ महासम्मेलन! जिला पंचायत अध्यक्ष ने दी मंजूरी, पुराने दिग्गज फिर होंगे आमने-सामने
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। छात्र राजनीति के गलियारों में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों का एक प्रभावशाली प्रतिनिधिमंडल जिला पंचायत अध्यक्ष एवं महात्मा गांधी महाविद्यालय के प्रबंधक अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 22 जनवरी को प्रस्तावित पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों के सम्मान समारोह की विस्तृत जानकारी देते हुए महाविद्यालय परिसर में आयोजन की अनुमति मांगी।
सम्मान समारोह आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य बुद्धराज धाकड़ी, शैलेंद्र शरण ‘सिंपल’, विवेक श्रीवास्तव, दिलीप पटेल, दिनेश शर्मा, एहसान अहमद, प्रदीप साहू सहित अन्य पदाधिकारी जिला पंचायत पहुंचे और औपचारिक रूप से अनुमति पत्र सौंपा।
जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को सहमति प्रदान करते हुए इसे छात्र राजनीति को जोड़ने वाली सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि एक मंच पर पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों का सम्मान न सिर्फ उनकी उपलब्धियों का आदर है, बल्कि इससे पुराने साथियों को फिर से मिलने और अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
इस ऐलान के साथ ही युवाओं और छात्रसंघ से जुड़े कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। 22 जनवरी को होने वाला यह आयोजन छात्र राजनीति के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने को तैयार है—जिसकी गूंज अब से ही कॉलेज से लेकर जिले भर में सुनाई देने लगी है।












