मैनपुरी में संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप: मां ने बेटों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप
संवाद दाता: पंकज मिश्रा. मैनपुरी जनपद से घरेलू विवाद और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने अपने ही बेटों पर संपत्ति के बंटवारे को लेकर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुआन, पोस्ट धारऊ रोड से जुड़ा हुआ है।
पीड़िता मालती देवी पत्नी गीतम सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके चार बेटे हैं, जिनमें से दो बड़े बेटे टिंकू उर्फ रमेश और स्वदेश मकान व खाली जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि दोनों बेटे बंटवारा न करने पर आए दिन उनके साथ मारपीट करते हैं और छोटे बेटों को संपत्ति में हिस्सा लेने से रोक रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, 14 फरवरी 2025 को जब उन्होंने संपत्ति के बंटवारे की बात उठाई, तो दोनों बड़े बेटों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में उन्हें सिर और मुंह में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उनके पति गीतम सिंह को भी आरोपियों ने पीट दिया।
महिला का आरोप है कि इस घटना की शिकायत उन्होंने थाना स्तर पर की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद 27 फरवरी 2025 को एक बार फिर आरोपी स्वदेश और उसकी पत्नी मंजू ने उन्हें घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता मालती देवी ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सके। मामले ने एक बार फिर पारिवारिक संपत्ति विवादों में बढ़ती हिंसा और पीड़ितों की सुनवाई न होने के सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अन्तर्जनपदीय अपराधी गिरफ्तार












