प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अन्तर्जनपदीय अपराधी गिरफ्तार
प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना लीलापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 01 अदद देशी तमंचा 315 बोर, 01 अदद जिंदा कारतूस 315 बोर तथा 01 अदद स्विफ्ट डिजायर कार के साथ 01 अन्तर्जनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो० अनीश के रूप में हुई है। थाना लीलापुर पुलिस द्वारा उसे थाना क्षेत्रान्तर्गत सगरासुन्दरपुर बाबूगंज रोड पर शिवबोझ तिराहा, ग्राम शिवबोझ के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त मो० अनीश एक शातिर एवं अन्तर्जनपदीय अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद प्रतापगढ़ एवं जनपद रायबरेली में लूट, चोरी, डकैती, दुष्कर्म, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित कुल 10 अभियोग पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध थाना लीलापुर में आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ में उसके आपराधिक नेटवर्क एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रतापगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
ये भी पढ़ें नए साल पर बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली में बारिश की संभावना तो यूपी में घने कोहरे की चेतावनी












