थाना लोनी पुलिस को बड़ी सफलता: एयरफोर्स से रिटायर्ड व्यक्ति की 5 लाख की सुपारी देकर हत्या कराने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी लोनी (गाजियाबाद)। थाना लोनी पुलिस टीम ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस, लोहे की पाइप एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त कॉलोनी श्री सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि दिनांक 26 दिसंबर 2025 को वादी नितेश कुमार पुत्र योगेश कुमार द्वारा थाना लोनी पर तहरीर दी गई थी कि उनके पिता योगेश कुमार (उम्र 58 वर्ष) को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर थाना लोनी पर धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए, जिसके क्रम में दिनांक 31 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने अरविन्द कुमार पुत्र रणवीर सिंह, निवासी अशोक विहार, लोनी को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 04 जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मृतक योगेश कुमार से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि योगेश कुमार की हत्या की योजना 5 लाख रुपये की सुपारी में बनाई गई थी, जिसमें मृतक के परिजन और अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के अनुसार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
वांछित अभियुक्त
- नितेश एवं गुड्डू (पुत्रगण मृतक योगेश), निवासी अशोक विहार, लोनी
- नवीन कुमार पुत्र गजेन्द्र सिंह, निवासी देउआका, थाना चण्डौस, जनपद अलीगढ़
अपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में हत्या, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं धोखाधड़ी से संबंधित कई अभियोग पंजीकृत बताए गए हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।
ये भी पढ़ें जनपद एटा में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ शुभारंभ, एसएसपी और विधायक ने दिखाई हरी झंडी












