प्रयागराज शिक्षा निदेशालय में आज सुबह 14 और 15 नंबर के कमरे में आग लग गई. आग लगने के कारण वहां रखी 5 हजार से ज्यादा फाइलें जलकर राख हो गई है
प्रयागराज। रविवार सुबह प्रयागराज के शिक्षा निदेशालय में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कमरा नंबर 14 और 15 में रखी करीब 5000 से अधिक अहम फाइलें जलकर राख हो गईं। फाइलों में प्रदेश भर के एडेड स्कूलों से जुड़े ट्रांसफर, वित्तीय लेनदेन और अन्य प्रशासनिक रिकॉर्ड शामिल थे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण शिक्षा निदेशालय बंद था। सुबह करीब 8 बजे जब एक कमरे से धुआं उठता देखा गया तो आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कागजों के अधिक मात्रा में होने से आग तेजी से फैल गई थी।
फायर ब्रिगेड कर्मियों के मुताबिक, आग बुझाते समय बिजली के करंट से कई बार उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बाकी हिस्से सुरक्षित रह सके।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह जान सके कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई साजिश थी। अधिकारी भी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
यह हादसा कई अहम दस्तावेजों के नुकसान के साथ ही शिक्षा विभाग के कामकाज पर भी असर डाल सकता है। अब जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो यह स्पष्ट करेगी कि आग किस वजह से लगी और क्या इसमें किसी की लापरवाही या साजिश शामिल थी।
ये भी पढ़ें लखनऊ में एफसीआई का टेंडर दिलाने के नाम पर 4 करोड़ की ठगी, गिरोह का सरगना गिरफ़्तार













