लोनी पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार

लोनी पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार

लोनी, गाजियाबाद। थाना लोनी पुलिस टीम ने हत्या की एक जटिल घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी कब्जे और निशांदेही से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक कपड़े का मफलर तथा 04 पव्वे देशी शराब भी बरामद की है।

दिनांक 04 जनवरी 2026 को थाना लोनी को सूचना प्राप्त हुई कि हल्का चौकी चिरोडी क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर थाना लोनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरते हुए वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवाया गया। साथ ही मृतक की शिनाख्त और घटना के अनावरण के लिए अलग–अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान शव की पहचान आकाश पुत्र राजू, निवासी मेवला भट्टी थाना लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना लोनी में सुसंगत धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना के खुलासे के क्रम में दिनांक 05 जनवरी 2026 को गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो अभियुक्तों को चिरोडी चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं—

1. चिन्टू पुत्र जगवीर सिंह, निवासी ग्राम मेवला भट्टी थाना लोनी गाजियाबाद, उम्र करीब 22 वर्ष

2. बादल पुत्र फिरे, निवासी ग्राम मेवला भट्टी थाना लोनी गाजियाबाद, उम्र करीब 20 वर्ष

पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे और मृतक आकाश तीनों दोस्त थे और साथ–साथ रहते थे। घटना वाले दिन तीनों लोग पार्टी करने के लिए घर से निकले थे और शराब के ठेके से शराब खरीदकर साथ में बैठकर पी रहे थे। शराब पीने के दौरान आकाश द्वारा गाली देने को लेकर दोनों अभियुक्तों का उससे झगड़ा हो गया। अधिक नशे में होने के कारण आकाश उग्र होकर हाथापाई करने लगा। इसी दौरान गुस्से में आकर अभियुक्तों ने अपने मफलर से उसका गला घोट दिया और हत्या कर शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशांदेही पर घटना में प्रयुक्त मफलर और शराब के पव्वे बरामद कर लिए हैं। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना लोनी में इस प्रकरण से संबंधित एक अभियोग पहले से पंजीकृत है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

थाना लोनी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश हो सका है। पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की जा रही है।

ये भी पढ़ें पुलिस टीम द्वारा लोक शान्ति व्यवस्था भंग करने के अभियोग में वांछित 02 अभियुक्त गिरफ्तार

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें