भागीरथपुरा में हालात बदतर, ज़मीनी सच्चाई से उलट मंत्री के दावे –सोशल मीडिया पर आंकड़े, क्षेत्र में नहीं दिख रहे कैलाश विजयवर्गीय
संवाददाता: संतोष यादव
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हालात लगातार बिगड़े हुए हैं, लेकिन इसके उलट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय सोशल मीडिया पर आंकड़े जारी कर स्थिति सामान्य होने का दावा कर रहे हैं। क्षेत्र की जमीनी हकीकत उनके बयानों से मेल नहीं खा रही, जिसको लेकर चारों ओर से विरोध तेज होता जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के अलग–अलग बयानों को लेकर पार्टी और प्रशासनिक स्तर पर भी नाराजगी सामने आई है। जानकारी यह भी है कि उन्हें दिल्ली तलब कर संयमित रहने की हिदायत दी गई है। इसके बाद से मंत्री विजयवर्गीय भागीरथपुरा क्षेत्र में कम ही नजर आ रहे हैं, जिससे आमजन में असंतोष और बढ़ गया है। मंगलवार को मंत्री विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर कुछ आंकड़े साझा करते हुए दावा किया कि भागीरथपुरा में हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। हालांकि, मौके पर जाकर देखने पर स्थिति कुछ और ही नजर आती है। क्षेत्र में अब भी मरीज मिल रहे हैं और हालात पूरी तरह काबू में नहीं बताए जा रहे।
सबसे बड़ी समस्या पानी सप्लाई को लेकर सामने आ रही है। जिले के लोग लगातार पानी नहीं मिलने से परेशान हैं। मंगलवार सुबह ही स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और जल्द समाधान की मांग की। इसके बावजूद, मंत्री विजयवर्गीय सोशल मीडिया के जरिए सब कुछ सामान्य होने का दावा कर बेफिक्री जताते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक केवल आंकड़ों और बयानों से हालात नहीं सुधरेंगे। भागीरथपुरा की जनता अब ठोस कार्रवाई और जिम्मेदार नेतृत्व की मांग कर रही है।












