हाथरस में स्मार्ट मीटर को लेकर बवाल, ढकपुरा रोड पर लगा जाम
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस की मुरलीधर कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे विद्युत कर्मियों और स्थानीय निवासियों के बीच गुरुवार को जमकर हंगामा हो गया। विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने से आक्रोशित लोगों ने ढकपुरा रोड पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, मुरलीधर कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए विद्युत विभाग की टीम पहुंची थी। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए कहा कि जब तक उनके क्षेत्र में विद्युत खंभे नहीं लगाए जाते, तब तक वे अपने घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में वर्षों से बिजली के पोल नहीं लगाए गए हैं और जर्जर हालत में लटकी विद्युत केबलें आए दिन टूट जाती हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी प्राथमिक मांग स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि पहले सुरक्षित बिजली व्यवस्था और विद्युत पोलों की स्थापना है। आरोप है कि जब लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार किया तो विद्युत विभाग के कुछ कर्मियों ने कॉलोनी की बिजली आपूर्ति ठप कर दी। इससे नाराज होकर कॉलोनीवासियों ने ढकपुरा रोड पर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, बहाल हुई बिजली आपूर्ति
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर विद्युत विभाग से बात की, जिसके बाद कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर ढकपुरा रोड से जाम हटवाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
फिलहाल पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत हो गया है, लेकिन कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनके क्षेत्र में विद्युत पोल नहीं लगाए जाएंगे, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध जारी रहेगा।












