ए.आर.टी.ओ. सतेंद्र कुमार द्वारा हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान
संवाददाता योगेन्द्र सिंह जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर ए.आर.टी.ओ. सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों की जांच की गई और वाहन चालकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
ए.आर.टी.ओ. सतेंद्र कुमार ने वाहन चालकों को कोहरे के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि सभी वाहनों पर मानक अनुरूप रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाए जाएं। चौपहिया वाहनों के चालकों को निर्देशित किया गया कि कोहरे में वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें तथा बिना रिफ्लेक्टर टेप लगाए हाईवे पर वाहन न चलाएं।
दोपहिया वाहन चालकों को भी जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही वाहन चलाएं और वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग, नियंत्रित गति तथा स्वयं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
ए.आर.टी.ओ. ने बताया कि कोहरे के मौसम में वाहन की बैक लाइट अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जिससे पीछे चल रहे वाहनों को समय रहते संकेत मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। बैक लाइट की सही स्थिति में होना वाहन और चालक दोनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
अभियान के दौरान हाईवे पर चल रहे वाहनों के सभी कागजातों की जांच की गई तथा वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
प्रशासन का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें ब्रेकविहीन साइकिल की टक्कर से बुजुर्ग महिला गंभीर घायल, अलीगढ़ रेफर












