पिता की स्मृति में सेवा का संकल्प: डॉ. रचना सिंह ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर दी मानवता की मिसाल।
संवाददाता पवन सूर्यवंशी उन्नाव
दिन में हल्की धूप और रात में कड़ाके की ठंड के बीच लगातार जारी शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर रखा है। ऐसे कठिन समय में समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व का परिचय देते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा (कंपोजिट) की शिक्षिका एवं जनपद की एसआरजी, राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. रचना सिंह ने अपने पिता स्व. अरिमर्दन सिंह चौहान की पुण्यतिथि को “सेवा दिवस” के रूप में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित कर मानवता का प्रेरक संदेश दिया। विकास खंड पुरवा के ग्राम नाथीखेड़ा में पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सीनियर सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार मिश्रा की उपस्थिति में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के दौरान डॉ. रचना सिंह ने समाज के वंचित वर्गों को ठंड से राहत पहुंचाई। कंबल वितरण की इस पहल से ठंड से जूझ रहे चेहरों पर सुकून और मुस्कान दिखाई दी। इस अवसर पर दिव्यांग प्रदीप कुमार अवस्थी उर्फ बाबू अवस्थी, दिव्यांग महेश रावत, दिव्यांग संतू रावत सहित जग्गा गौतम, गंगाजली गौतम, विद्या गौतम समेत अनेक जरूरतमंद महिलाओं एवं पुरुषों ने कंबल प्राप्त कर अपनी प्रसन्नता और आभार व्यक्त किया। डॉ. रचना सिंह ने बताया कि यह सेवा अभियान आगे भी विभिन्न स्थानों पर निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से अपील करते हुए कहा कि भीषण ठंड के इस दौर में निराश्रितों की सहायता के लिए आगे आना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि कोई भी असहाय व्यक्ति ठंड के कारण अपनी जान न गंवाए। पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सीनियर सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार मिश्रा ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय मानवीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि डॉ. रचना सिंह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सराहनीय प्रयास कर रही हैं।












