खेत में पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
करहल थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में लगे पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। मृतका की पहचान मानपुर निवासी राजवीर सिंह की पत्नी रेखा के रूप में हुई है। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद करहल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय मैनपुरी भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का परीक्षण किया जा रहा है। मृतका के परिजनों ने रेखा की मौत को आत्महत्या मानने से साफ इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि रेखा की हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया। परिजनों के अनुसार, घटना पूरी तरह संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












