लोनी में नशा व जुआ के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान, संदिग्ध ठिकानों पर की गई सर्चिंग
लोनी, गाजियाबाद | संवाददाता: सायरा सूर्यवंशी

आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को श्री सुरेन्द्र नाथ तिवारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण, कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देशन में ग्रामीण जोन में नशा तथा सट्टा/जुआ के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना लोनी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व एसीपी लोनी एवं थानाध्यक्ष लोनी द्वारा किया गया। पुलिस बल के साथ मिलकर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों से पूछताछ की गई तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा, सट्टा और जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे कानून-व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है।












