जनसत्ता क्रिकेट कप सकरदहा में राजा भइया का भव्य आगमन खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला-आयोजन के लिए दिए ₹51 हजार सहयोग
दैनिक चक्र प्रतापगढ़
अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़ विकास खण्ड के सकरदहा ग्राम पंचायत में आयोजित जनसत्ता क्रिकेट कप के आठवें संस्करण में मंगलवार को जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुँवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके आगमन से पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।राजा भइया ने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न सिर्फ मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह नेतृत्व और संघर्ष की भावना भी सिखाता है।इस अवसर पर राजा भइया ने मैच का रोमांचक आंखों देखा हाल सुनाने वाले कमेंट्रेटर संजय बबलू, रोहित सिंह, सुनील बीडीसी एवं स्कोरर आनंद की विशेष रूप से सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने टूर्नामेंट अध्यक्ष संजय सिंह फौजी को आयोजन सहयोग स्वरूप ₹51 हजार की राशि प्रदान की। इस सहयोग के लिए टूर्नामेंट आयोजक संजय सिंह फौजी ने राजा भइया के प्रति आभार व्यक्त किया।इस मौके पर जनसत्ता दल के प्रदेश अध्यक्ष व बाबागंज विधायक विनोद सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष पति कुलदीप पटेल, पूर्व प्रमुख प्रफुल्ल सिंह डब्बू, प्रमुख पति रामचंद्र सरोज, सकरदहा ग्राम पंचायत सचिव दीपेंद्र सिंह, क्षीरसागर तिवारी सहित हजारों की संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।राजा भइया की मौजूदगी ने जनसत्ता क्रिकेट कप को नई पहचान और उत्साह प्रदान किया, वहीं खिलाड़ियों का मनोबल भी चरम पर नजर आया।
ये भी पढ़ें महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने का प्रयास












