सीमा हैदर पर जानलेवा हमला, आरोपी युवक गुजरात से आया था
नोएडा: नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाली पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर पर एक सनसनीखेज हमला हुआ है। यह घटना उत्तर प्रदेश के नोएडा इलाके की है, जहां गुजरात से आए तेज़स नामक युवक ने सीमा के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सीमा का गला दबाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते परिवार के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर सीमा की जान बचा ली।
हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेजस की मानसिक स्थिति अस्थिर है। वह बार-बार सचिन मीणा और सीमा हैदर पर ‘काला जादू’ करने का आरोप लगाता रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक अपने बयान में लगातार विरोधाभासी बातें कर रहा है।
सीमा का भारत में रहना एक विवाद का विषय
गौरतलब है कि सीमा हैदर पाकिस्तान से भारत आकर सचिन मीणा नामक युवक से विवाह कर चुकी है और सनातन धर्म अपना चुकी है। तभी से वह भारत में रह रही है। हालांकि, सीमा के भारत में रहने को लेकर विवाद लगातार बना हुआ है। बीते कुछ समय से उसे अन्य पाकिस्तानी नागरिकों की तरह वापस पाकिस्तान भेजे जाने की मांग भी उठाई जा रही थी।
हमले के पीछे कोई गहरी साजिश तो नहीं?
इस हमले के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। क्या यह हमला अचानक हुआ या फिर इसके पीछे कोई साजिश थी? क्या सीमा की सुरक्षा से समझौता किया गया? इन तमाम सवालों के जवाब अभी जांच का विषय हैं।
परिवार ने सुरक्षा की मांग की
घटना के बाद सचिन मीणा और सीमा के परिवार ने शासन-प्रशासन से सुरक्षा देने की मांग की है। उनका कहना है कि सीमा लगातार मीडिया और सोशल मीडिया पर निशाने पर रही है, और अब उसके जीवन पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में उसे और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की मानसिक जांच कराई जा रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर सीमा हैदर को लेकर चल रहे विवाद को हवा दे दी है।
ये भी पढ़ें सगाई की खुशियां मातम में बदलीं, शक ने ले ली जान













