टोल कर्मियों की दबंगई बाराबंकी के गोतौना टोल प्लाजा पर अधिवक्ता से मारपीट

टोल कर्मियों की दबंगई बाराबंकी के गोतौना टोल प्लाजा पर अधिवक्ता से मारपीट, 

स्टेट संवाददाता विष्णु रावत 

महंगाई से जूझ रही आम जनता से वसूले जा रहे टोल टैक्स के बीच टोल प्लाजा पर कर्मचारियों की दबंगई लगातार सामने आ रही है। टोल टैक्स वसूली के नाम पर आम लोगों से अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। कई मामलों में मामूली कहासुनी के बाद टोल कर्मी लोगों को घेरकर पीटते हैं और उल्टे उन्हीं पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी देते हैं, जिससे पीड़ित व्यक्ति डरकर चुपचाप वहां से चला जाता है।

ताजा मामला बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित गोतौना टोल प्लाजा का है, जहां बुधवार को एक अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय लखनऊ जा रहे अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला अपने निजी वाहन से टोल प्लाजा पहुंचे थे। उनके वाहन का फास्टैग समाप्त हो चुका था, जिस पर उन्होंने टोल कर्मचारियों से नकद रसीद काटकर वाहन निकालने का अनुरोध किया।

इसी बात को लेकर टोल कर्मियों और अधिवक्ता के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला पर हमला कर दिया। इस मारपीट में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अचल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए और टोल कर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

कोतवाली पुलिस ने पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।

घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टोल कर्मियों द्वारा की जा रही मारपीट साफ देखी जा सकती है। हालांकि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन अधिवक्ताओं में अभी भी भारी रोष बना हुआ है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब कानून के रखवाले ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, यदि मारपीट करने वाले टोल कर्मी न्यायालय परिसर के आसपास दिखाई देते हैं तो अधिवक्ताओं द्वारा कड़ा विरोध किए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें नौबस्ता थाना प्रभारी ने मकर संक्रांति पर कराया खिचड़ी भोज, उमड़ा जनसैलाब

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें