गुरसरांय थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक, एक बार फिर असफल प्रयास
(झांसी) तहसील टहरौली के थाना गुरसरांय अन्तर्गत ग्राम भसनेह में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार चोरों द्वारा गांव को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पूर्व भी एक ही रात में चोरों ने गांव के चार घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इसी क्रम में गुरुवार देर रात करीब 10 बजे चोरों ने ग्राम भसनेह निवासी प्रेमदास कुशवाहा पुत्र सालिगराम के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर में लगी जाली तोड़कर भीतर प्रवेश करने की कोशिश की। इसी दौरान घर में हलचल की आवाज सुनकर प्रेमदास कुशवाहा की नींद खुल गई। जागने पर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उनके घर के अंदर घुस चुका है।
स्थिति भांपते ही प्रेमदास ने शोर मचा दिया, जिससे घबराकर चोर मौके से फरार हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रेमदास ने बताया कि उनका परिवार ओरछा में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया हुआ था और वे घर पर अकेले थे। इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, हालांकि इस बार उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने व चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इसे भी पढ़ें ???? ???? देल्हूपुर थाना क्षेत्र में 3 गायों की हुई निर्मम हत्या,थाने का घेराव












