पावर हाउस से 1 हजार लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल गायब, दो दिन बाद भी पुलिस को नहीं दी गई सूचना
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जिले के थाना बिछवाँ क्षेत्र में स्थित सैदपुर भगोली फीडर के पावर हाउस से संदिग्ध परिस्थितियों में बड़ा मामला सामने आया है। पावर हाउस में रखे ट्रांसफार्मर से लगभग 1 हजार लीटर कीमती तेल चोरी/गायब हो गया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।
सूत्रों के अनुसार ट्रांसफार्मर ऑयल गायब होने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को तत्काल मिल गई थी, इसके बावजूद मामले को दबाने की कोशिश की जाती रही। न तो समय रहते उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया और न ही थाना बिछवाँ पुलिस को लिखित सूचना दी गई, जिससे पूरे मामले पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से इतनी बड़ी मात्रा में तेल गायब होना सामान्य घटना नहीं है और इसमें अंदरूनी मिलीभगत की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो सच्चाई सामने आ सकती थी।
फिलहाल मामला उजागर होने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है और पुलिस इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कब शुरू करती है।












