जनपद एटा में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से मचा हड़कंप, एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या, चौथी महिला गंभीर
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगर प्रेमी में सोमवार को दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पड़ोस में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसपी श्वेताभ पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, मकान के नीचे वाले कमरे में बुजुर्ग गंगा सिंह का शव पड़ा मिला, जबकि दूसरी मंजिल पर खून से लथपथ हालत में पुत्रवधू रत्ना सिंह और नातिन ज्योति के शव बरामद हुए। तीनों की बेहद नृशंस तरीके से हत्या की गई है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने जब श्यामा देवी (बुजुर्ग महिला) को घायल अवस्था में सांस लेते पाया, तो उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।












