दिल्ली-NCR से जम्मू-चंडीगढ़ तक झमाझम बारिश, शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी, IMD की भविष्यवाणी हुई सच

 

दिल्ली-NCR से जम्मू-चंडीगढ़ तक झमाझम बारिश, शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी, IMD की भविष्यवाणी हुई सच

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की 23 जनवरी को दी गई भविष्यवाणी पूरी तरह सही साबित हुई। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह से ही तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ झमाझम बारिश का दौर जारी है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को बढ़ते वायु प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है।

बारिश के कारण दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिला है। IMD ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी करते हुए दोपहर और शाम के समय 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 17–18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6–7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी

उधर, हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में शुक्रवार सुबह से इस विंटर सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फ की सफेद चादर से पूरी घाटी ढक गई, जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे कुल्लू-मनाली के लोगों और किसानों ने राहत की सांस ली है।

बीते तीन महीनों से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण फसलों में नमी की कमी से किसान परेशान थे, लेकिन अब इस बारिश और बर्फबारी से कृषि को लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही, पर्यटन कारोबार को भी रफ्तार मिलने की संभावना है।

IMD का पूर्वानुमान साबित हुआ सटीक

गौरतलब है कि IMD ने 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में बिजली कड़कने के साथ 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की थी, जो बिल्कुल सही साबित हुई।

22 जनवरी रहा सबसे गर्म दिन

दिल्ली में 22 जनवरी को पिछले सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दिन अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक था। इससे पहले जनवरी 2019 में 21 तारीख को तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ने के आसार

IMD के अनुसार, यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18–20 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 16–18 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बारिश के चलते दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ने और AQI में और सुधार होने की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ सड़क हादसे में 13 लोग हुए घायल मची चीख 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें