जनपद एटा में ब्लैकआउट मॉकड्रिल की व्यापक तैयारी, डीएम–एसएसपी ने जवाहर विद्युत तापीय परियोजना का किया निरीक्षण
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा में प्रदेश सरकार के निर्देश पर आज उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में एटा जनपद में भी हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर मॉकड्रिल आयोजित की जा रही है। ब्लैकआउट मॉकड्रिल की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण एटा स्थित विद्युत जवाहर तापीय परियोजना पहुंचे, जहां उन्होंने विद्युत आपूर्ति, वैकल्पिक ऊर्जा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मॉकड्रिल के दौरान निर्धारित समय पर पूरे जनपद में सायरन बजाए जाएंगे तथा कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। यह अभ्यास संभावित हवाई हमले या अन्य आपदा की स्थिति में जनसामान्य को सतर्क करने एवं प्रशासनिक तंत्र की तत्परता का परीक्षण करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस संयुक्त मॉकड्रिल में पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग भाग लेंगे। अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस सेवाओं के संचालन का अभ्यास किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉकड्रिल के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आकस्मिक आपदा या हवाई हमले जैसी स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को सुनिश्चित करना है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि यह मॉकड्रिल केवल अभ्यास है, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।












