गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा करेंगे ध्वजारोहण
संवाददाता संतोष यादव।
समारोह का पूर्वाभ्यास सम्पन्न
इंदौर, 24 जनवरी, 2026
इंदौर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह 26 जनवरी सोमवार को सुबह 9 बजे से नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। इस समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ध्वजारोहण करेंगे। इस समारोह की व्यापक तैयारियां जारी हैं। आज पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप की जाये। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल,एडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री अमित सिंह तथा श्री आर.के. सिंह, अपर कलेक्टर श्री पवार नवजीवन विजय, श्री रोशन राय तथा श्री रिंकेश वैश्य सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। आज सुबह नेहरू स्टेडियम में समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्लाटूनों ने परेड का पूर्वाभ्यास किया। उन्होंने बैंड की धुन पर कदम ताल मिलाकर परेड प्रस्तुत की। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया।












