सी.आई.एस.एफ. का ज्वाइनिंग लेटर लेकर विद्यालय पहुँचा चंद्रोदय इंटर कॉलेज का छात्र
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ पट्टी क्षेत्र के चंद्रोदय इंटर कॉलेज, सरसतपुर के लिए यह क्षण गर्व और हर्ष का रहा, जब विद्यालय का होनहार छात्र आशीष पाल सी.आई.एस.एफ. में चयनित होकर अपना ज्वाइनिंग लेटर लेकर विद्यालय पहुंचा।सरसतपुर स्थित चंद्रोदय इंटर कॉलेज का यह छात्र आशीष पाल पुत्र हरिकेश कुमार पाल, ग्राम पहलमापुर का निवासी है, जो प्रतिदिन लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर विद्यालय में अध्ययन करने आता था। मात्र 21 वर्ष की आयु में आशीष ने एसएससी जीडी परीक्षा में टॉप रैंक प्राप्त कर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयनित होकर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।गुरुवार 29 जनवरी 2026 को जब आशीष पाल ज्वाइनिंग लेटर के साथ विद्यालय पहुँचे, तो पूरे विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रों और शिक्षकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर आशीष पाल ने विद्यार्थियों को अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए भावुक होकर बताया कि उनके पिता एक राइस मिल में कार्यरत हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई घर पर खेती का काम करते हुए पूरी की।विद्यालय के प्रबंधक रमेश कुमार सिंह एवं उप-प्राचार्य लालजी पाल ने अपने संबोधन में कहा कि घरेलू जिम्मेदारियों के साथ कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आशीष पाल वर्ष 2021 बैच के छात्र हैं, जिन्होंने इसी विद्यालय प्रांगण में रहकर शिक्षा प्राप्त की और विषम परिस्थितियों में भी अपनी तैयारी निरंतर जारी रखी।विद्यालय प्रबंधन ने इसे उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया, जो यह कहते हैं कि घर पर रहकर पढ़ाई संभव नहीं है।अंत में विद्यालय परिवार ने आशीष पाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे निरंतर अध्ययन और परिश्रम के बल पर आने वाले समय में और भी ऊँचाइयों को छुएँगे।












