भूसी से भरे खड़े ट्रक में लगी आग, दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
रिपोर्टर विष्णु दत्त रावत: कानपुर के जीटी रोड पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब गौशाला के पास खड़े एक भूसी से भरे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग पहले पास के कूड़े के ढेर में लगी थी, जो देखते ही देखते ट्रक तक फैल गई। ट्रक के आसपास धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भीषण थी कि ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक ट्रक को गौशाला के पास खड़ा कर कहीं चला गया था। आग के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें प्रजापति समाज की मीटिंग के दौरान कार्यकारिणी का विस्तार किया












