पांच साल बाद भी शुरू नहीं हुआ एलएमओ प्लांट, जंबो सिलेंडरों के सहारे चल रहा मेडिकल कॉलेज
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा, प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ स्थित डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज के संचालन को पांच वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन यहां स्थापित लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) प्लांट अब तक शुरू नहीं हो सका है। वर्ष 2021 से संचालित इस मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था आज भी अधूरी है, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार एलएमओ प्लांट शुरू न होने की मुख्य वजह फायर ब्रिगेड से एनओसी न मिलना बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड का कहना है कि प्लांट तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता ही उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते सुरक्षा मानकों के तहत एनओसी जारी नहीं की जा सकती। एलएमओ प्लांट बंद होने के कारण मेडिकल कॉलेज पूरी तरह पीएसए प्लांट पर निर्भर है। इसके अलावा जरूरत पूरी करने के लिए बाहर से भारी खर्च कर जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर मंगाकर काम चलाया जा रहा है। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, बल्कि आपात स्थिति में ऑक्सीजन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों को नवागत प्राचार्य से बड़ी उम्मीदें हैं। लोगों का मानना है कि यदि प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल की जाए तो रास्ते की समस्या का समाधान कर एलएमओ प्लांट को जल्द चालू कराया जा सकता है, जिससे मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार संभव है।












