जलेसर में अवैध फाइनेंसरों का आतंक, दिनदहाड़े लूट और धमकी से दहशत
बिना नंबर प्लेट बाइकों पर सवार गुंडे बेखौफ, पुलिस चौकी के पास हुई वारदात
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा जनपद एटा के जलेसर कस्बे में अवैध फाइनेंस के नाम पर सक्रिय गुंडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कस्बे के बाजारों और मुख्य सड़कों पर बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों पर सवार 4 से 6 की संख्या में घूम रहे ये लोग राहगीरों को रोककर जबरन वसूली, धमकी और लूटपाट कर रहे हैं। स्थिति यह है कि आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये तथाकथित फाइनेंसर लोगों की जेब की तलाशी लेते हैं, बाइक की चाबी छीन लेते हैं और किश्त बकाया हो या न हो, जबरन पैसे वसूलते हैं। विरोध करने या मोबाइल से वीडियो बनाने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।
पुलिस चौकी से चंद कदम दूर वारदात
सोमवार को शाम करीब 4:32 से 4:35 बजे के बीच, आगरा अड्डा पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर एक व्यक्ति के साथ अवैध फाइनेंसरों द्वारा मारपीट और वसूली की कोशिश की गई। मौके पर मौजूद एक पत्रकार ने साहस दिखाते हुए पीड़ित को बचाया, जिसके बाद गुंडों ने पत्रकार को भी धमकाना शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख पत्रकार को अंग्रेजी शराब की सरकारी दुकान के CCTV कैमरे के सामने खड़ा होकर जान बचानी पड़ी। सूचना मिलने से पहले ही आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को सौंपे गए साक्ष्य
घटना से संबंधित वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और आरोपियों के नाम-पते सहित साक्ष्य जलेसर पुलिस को सौंप दिए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी इसी तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
जिले में फैला अवैध फाइनेंस नेटवर्क
हाल के दिनों में एटा जिले में लूट और चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने कुछ मामलों में अंतरजनपदीय गिरोहों का खुलासा भी किया है, लेकिन अवैध फाइनेंसरों का नेटवर्क अब भी सक्रिय बताया जा रहा है।
सख्त कार्रवाई की मांग
नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि
बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए,
अवैध फाइनेंस गतिविधियों में शामिल लोगों पर जबरन वसूली, धमकी और चोरी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए,
पुलिस चौकी के आसपास हुई घटनाओं की CCTV फुटेज से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
जलेसर के नागरिकों ने प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने और भयमुक्त वातावरण देने की मांग की है।
ये भी पढ़ें पट्टी सीएचसी में डॉक्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप, इंजेक्शन के बाद बच्ची बेहोश












