बालिका शिक्षा के अंतर्गत राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ द्वारा प्रगति-2026 ‘स्वाभिमान और सफलता की ओर’ कार्यक्रम बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर



बालिका शिक्षा के अंतर्गत राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद स्तरीय” प्रगति-2026 ‘स्वाभिमान और सफलता की ओर’ कार्यक्रम बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें ब्लॉक भोजपुरी लोनी मुरादनगर राजापुर और नगर क्षेत्र के पांच पांच चयनित विद्यालयों से साठ छात्र-छात्राएं पीएम श्री विद्यालय कवि नगर में अपनी सुगमकर्ता शिक्षिका के साथ उपस्थित हुए। 30 प्रतिभागियों ने”मेरे बदलाव की कहानी” को अपने शब्दों में पूर्ण आत्मविश्वास से प्रस्तुत किया, इन प्रतिभागियों का चयन इनसे प्राप्त वीडियो द्वारा किया गया था। शेष 30 बच्चों का चयन पोस्टर प्रतियोगिता के लिए उनके द्वारा बनाई गई कॉमिक्स द्वारा किया गया। इन प्रतिभागियों ने पोस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जिसका विषय शनिवार को मीना मंच के अंतर्गत होने वाले सत्रों में से लिया जाना था। सभी बच्चों ने एक से बढ़कर एक ज्वलंत विषयों पर पोस्टर पर अपनी भावनाओं को उकेरा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति दीक्षित-प्राचार्या,जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री ओपी यादव जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की सचिव डॉक्टर किरण गर्ग एवं साथी फाउंडेशन से काजल छिब्बर भी उपस्थित रहीं।बीएसए ओपी यादव जी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं बच्चों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि परिषदीय स्कूलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और शिक्षकों की प्रेरणा मिलती रहे तो यही बच्चे एक स्वस्थ समाज का निर्माण करते हुए विकसित भारत का हिस्सा बनेंगे।डायट प्राचार्य श्रीमती ज्योति दीक्षित ने सफल आयोजन की सभी को बधाई देते हुए कहा कि “मेरे बदलाव की कहानी” प्रस्तुत करने वाली सभी छात्राएं आत्मविश्वास से भरपूर थी। मीना मंच ने बालिकाओं की सोच में क्रांतिकारी परिवर्तन ला दिया है विद्यालयों के भ्रमण के दौरान हमारी छात्राएं छात्रों की अपेक्षा अधिक मुखर रहती हैं यह स्थिति अच्छी है लेकिन चिंतनीय है। बालक और बालिकाओं में समन्वय रहना चाहिए। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की सचिव डॉक्टर किरण गर्ग ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद एक गुणवत्तापूर्ण उत्कृष्ट कार्यक्रम में उनकी आज भागीदारी हुई है। उन्होंने मीना मंच के प्रभावशाली पटल को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी आयोजकों को बधाई दी। साथी फाउंडेशन से काजल छिब्बर ने सभी पोस्टर कलाकारों तथा वक्ताओं को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। दोनों ही प्रतियोगिताओं के चयनित पांच विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, कलर किट एवं स्कूल बैग देकर पुरस्कृत किया गया। प्रत्येक प्रतिभागी को स्टेशनरी एवं कलर किट तथा प्रतिभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर कुछ अभिभावकों एवं सुगमकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रत्येक ब्लॉक के जेंडर नोडल, जिला समन्वयको तथा अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।पीएम श्री विद्यालय कवि नगर के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर भरपूर सराहना बटोरी। ब्लॉक नोडल निशि द्वारा महिला सशक्तिकरण पर एक मधुर गीत ढपली के साथ प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार को भी सम्मानित किया गया ,कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजापुर के छात्रों ने भव्य बैंड के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया।जिला समन्वयक बालिका शिक्षा कुणाल मुद्गल ने अंत में सभी अतिथियों शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सहायक वित्त लेखाधिकारी विकास बघेल, जिला समन्वयक रुचि त्यागी, टिंकू कंसल, सिंपल चौधरी, अनुभव गुप्ता,कशिश त्यागी, सभी एस आर जी एवं समस्त ब्लॉक नोडल व निम्बस कंपनी से ब्रह्मपाल जीउपस्थित रहे। जनपद नोडल बालिका शिक्षा पूनम शर्मा ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।












