ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षा कर्मियों की मारपीट से मचा बवाल, सर्पदंश पीड़िता के पति को बेरहमी से पीटा
संवाददाता : रोहित कुमार | इटावा
इटावा के सैफई ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षा कर्मियों की कथित गुंडई का मामला सामने आया है। सर्पदंश से पीड़ित पत्नी के लिए सामान लेकर पहुंचे पति विजयपाल के साथ सुरक्षा गार्डों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और देर रात तक वीवी परिषद परिसर में हंगामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, विजयपाल अपनी पत्नी को सर्पदंश होने के बाद इलाज के लिए सैफई ट्रॉमा सेंटर लाए थे। देर शाम वह पत्नी के लिए जरूरी सामान लेकर अस्पताल परिसर पहुंचे। इसी दौरान गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर सुरक्षा गार्डों ने विजयपाल को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गार्डों ने विजयपाल को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और न्याय की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों का व्यवहार लगातार अभद्र रहता है और आम मरीजों व तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। उन्होंने दोषी सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।












