कोहंडौर के दिलीप ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, UPPSC LT ग्रेड परीक्षा में सफल
बिहार शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक ने परिश्रम से रचा सफलता का इतिहास!
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ कोहंडौर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक (LT ग्रेड)परीक्षा का प्रारंभिक परिणाम घोषित कर दिया गया है। घोषित परिणाम में कोहंडौर क्षेत्र के दिलीप कुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की है।
उन्होंने संस्कृत विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मुख्य परीक्षा के लिए अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। परिणाम जारी होते ही दिलीप के परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि दिलीप शुरू से ही शिक्षा के क्षेत्र में गहरी रुचि रखते थे और उन्होंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर मेहनत जारी रखी।
दिलीप मूल रूप से कोहंडौर क्षेत्र के उसका गाँव निवासी हैं। वे पूर्व में टार्गेट कोचिंग सेंटर का संचालन करते थे, जहाँ उन्होंने अनेक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई। वर्तमान में वे बिहार शिक्षा विभाग में बतौर शिक्षक कार्यरत हैं।
अपनी सफलता पर दिलीप ने कहा कि “नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और गुरुजनों के आशीर्वाद से ही सफलता संभव है। मैं अब मुख्य परीक्षा की तैयारी में पूरी मेहनत से जुट जाऊँगा।”दिलीप की उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी है। कहा जा रहा है कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए प्रेरित करेगी।












