एटा में बेखौफ चोरों का आतंक
जिला संवाददाता काव्यांश रावत





तीन दुकानों की दीवार काटकर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
एटा जनपद के थाना अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात चोरों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला सरौठ रोड का है, जहां बीती रात बेखौफ चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली।
जानकारी के अनुसार चोरों ने गल्ला, खाद और बीज की तीन अलग-अलग दुकानों की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सामान व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे तो दीवार टूटी देख उनके होश उड़ गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और गल्लों से नकदी गायब थी। बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दुकान के आसपास मंडराते और दीवार काटकर अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।












