हाथरस में 14-15 मार्च को होगी SI भर्ती परीक्षा, 13,440 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस
हाथरस में 14 और 15 मार्च को उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षा नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सके। यह लिखित परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही है, जो सिविल पुलिस बलों में भर्ती के लिए कराई जा रही है। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि वरुण अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित होगी। इसके लिए जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, डीआरबी इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, एमजी पॉलिटेक्निक, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, बागला इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज, सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज, फूलचंद बागला डिग्री कॉलेज, श्री अक्रूर इंटर कॉलेज, आरडी कन्या महाविद्यालय, श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज और श्री रामबाग इंटर कॉलेज शामिल हैं। दो दिनों तक दोनों पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 13,440 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा में लगाए जाने वाले कार्मिकों के आईडी कार्ड जारी करने और उन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को किसी भी स्थिति में अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।












