मैनपुरी में गैस सिलेंडर की किल्लत नहीं, कालाबाजारी रोकने के लिए OTP से होगी डिलीवरी
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है। ऑयल कंपनियों और एलपीजी सेल्स ऑफिसर्स द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर के कुल 2,82,383 उपभोक्ता हैं, जबकि उज्ज्वला योजना के 1,76,370 उपभोक्ता हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए शत-प्रतिशत OTP आधारित डिलीवरी व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने सभी ऑयल कंपनियों और एलपीजी सेल्स ऑफिसर्स को निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी न होने दी जाए। यदि कहीं से शिकायत प्राप्त होती है तो जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए गैस सिलेंडर बुकिंग की समय-सीमा भी तय की गई है। एक सिलेंडर वाले उपभोक्ता 25 दिन बाद, दो सिलेंडर वाले उपभोक्ता 30 दिन बाद तथा उज्ज्वला योजना के उपभोक्ता 30 दिन बाद नया सिलेंडर बुक करा सकते हैं। सिलेंडर बुकिंग के लिए उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से आईओसीएल के लिए 8454955555, बीपीसीएल के लिए 7710955555 और एचपीसीएल के लिए 9493602222 नंबर पर कॉल कर बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद मिलने वाले OTP को डिलीवरी के समय हॉकर या वेंडर को बताकर उपभोक्ता गैस रिफिल प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि डिलीवरी के समय उपभोक्ता को कैश मेमो देना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी एजेंसियों के हॉकर और वेंडर निर्धारित ड्रेस में रहेंगे तथा गैस की तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन भी साथ रखेंगे। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को सक्रिय रखें और जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है, वे जल्द से जल्द केवाईसी करवा लें ताकि गैस डिलीवरी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।












