जंगीपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए थाने में बैठक, 17 मार्च से भारी वाहनों की नो-एंट्री
पं० कृष्ण बिहारी त्रिवेदी (ब्यूरो चीफ) गाजीपुर। जंगीपुर क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को देखते हुए थाना परिसर में व्यापारी समिति एवं स्थानीय लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्बे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उपायों पर चर्चा की गई।
बताया गया कि जंगीपुर कस्बे में अधिक भीड़-भाड़ रहने के कारण बड़े वाहनों के आवागमन से अक्सर दुर्घटनाएं हो जाती हैं और जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनमानस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बैठक में कस्बे के सम्मानित व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 17 मार्च 2026 से जंगीपुर कस्बे में सुबह 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक बड़े वाहनों, ट्रक, डंपर, कंटेनर और ट्रेलर का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित (नो-एंट्री) रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से कस्बे में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें बिजली कड़कने से सासनी के कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरी, 10 हजार पैकेट आलू खराब












