बिजली कड़कने से सासनी के कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरी, 10 हजार पैकेट आलू खराब
संवाददाता-अश्वनी कुमार जिला-हाथरस
हाथरस जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच सासनी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया। तेज बिजली कड़कने के कारण सासनी स्थित कान्हा कोल्ड स्टोरेज के चैंबर नंबर-1 की पिछली दीवार ढह गई। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन चैंबर में रखा किसानों का करीब 10 हजार पैकेट आलू मलबे में दबकर खराब हो गया। जानकारी के अनुसार, जिले में बीती रात से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मध्य रात्रि के बाद कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज बिजली कड़की। इसी दौरान सुबह करीब 3 बजे कान्हा कोल्ड स्टोरेज के चैंबर नंबर-1 की पिछली दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। कोल्ड स्टोरेज संचालक को रात करीब 3 बजे इस घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे स्टाफ ने देखा कि दीवार गिरने से चैंबर के अंदर रखा आलू मलबे में दब गया है। फोरमैन के मुताबिक तेज बिजली कड़कने के कारण दीवार क्षतिग्रस्त होकर गिर गई।
50 से 70 किसानों को हुआ भारी नुकसान
दीवार गिरने से चैंबर में रखा करीब 10 हजार पैकेट आलू खराब हो गया। बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोरेज का सबसे बड़ा चैंबर था, जिसमें आसपास के करीब 50 से 70 किसानों का आलू भंडारित था। इस हादसे से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय दीवार के पास कोई मजदूर या कर्मचारी मौजूद नहीं था। स्टाफ कोल्ड स्टोरेज के अगले हिस्से में काम कर रहा था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
सुबह से बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी
उधर शहर में भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का दौर जारी है, वहीं सुबह के समय तेज हवा भी चली। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों में सतर्कता बनी हुई है।












