पुरानी रंजिश में युवक पर हमला: मुख्य आरोपी सहित 7 गिरफ्तार, 3 अब भी फरार
संवाददाता: संतोष यादव, उज्जैन
उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में 20 मार्च को हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय मार्ग निवासी यश भार्गव ने 20 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आशीष सारवान और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में यश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 25 मार्च को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी आशीष सारवान अपने साथियों के साथ तारामंडल क्षेत्र से भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष उर्फ पिंटू, विजय उर्फ टोनी, राजा उर्फ राजेश परमार, राहुल उर्फ अनमोल बैरागी, विजेंद्र उर्फ राजेश और पंकज उर्फ पंकेश शामिल हैं। इससे पहले 22 मार्च को महिला आरोपी आकृति सारवान को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अब सभी आरोपियों से गहन पूछताछ के लिए न्यायालय से रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं फरार आरोपी विक्की चौहान, सागर सूर्यवंशी और सौरभ की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।












