अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने बंबा किनारे शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है।












