गाजीपुर पुलिस लाइन में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई, सम्मानित कर दी गई शुभकामनाएं
ब्यूरो चीफ पं० कृष्ण विहारी त्रिवेदी
गाजीपुर पुलिस लाइन सभागार कक्ष में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में एक गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक नगर गाजीपुर द्वारा की गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र, बैग एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए पुलिस विभाग की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
बताया गया कि दिनांक 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर दो पुलिसकर्मी सेवा से सेवानिवृत्त हुए। इनमें उप निरीक्षक ना0पु0 महमूद हसन एवं मुख्य आरक्षी चालक राजेन्द्र प्रसाद सिंह शामिल हैं।
सेवा विवरण:
- उप निरीक्षक महमूद हसन ने 14 अगस्त 1986 को आरक्षी पद से अपनी सेवा शुरू की थी और कुल 39 वर्ष 7 माह 17 दिन तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं। उनका कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा।
- मुख्य आरक्षी चालक राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने 1 जुलाई 1984 को आरक्षी पद से सेवा प्रारंभ की और लगभग 40 वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनका योगदान भी विभाग के लिए महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय रहा।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक गाजीपुर सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर उनके कार्यकाल की सराहना की और भावभीनी विदाई दी।
ये भी पढ़ें पुलिस का बड़ा एक्शन—देशभर में फैले ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार












