सासनी में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, मोमोज खा रहे किशोर पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला

सासनी में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, मोमोज खा रहे किशोर पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला

संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस

हाथरस। सासनी कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक किशोर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नया बिजलीघर विजाहरी के पास कुछ लोगों ने एक 17 वर्षीय युवक पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में युवक के गले, सिर और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुलदीप कुमार का छोटा भाई विमल (17 वर्ष) बुधवार शाम करीब 6:30 बजे मस्जिद के पास एक ठेले पर मोमोज खा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ हमलावर वहां पहुंच गए और विमल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर विमल को जमीन पर गिरा दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, इसी दौरान एक हमलावर ने चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि चाकू सिर और गाल को चीरता हुआ निकल गया, जिससे उसके सिर की नस कट गई और काफी खून बहने लगा। घटना के दौरान विमल की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे रोहित और अन्य स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसकी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भविष्य में जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विमल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष की ओर से सासनी कोतवाली में नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें