ऊसर भूमि पर दबंगों का कब्जा, नोटिस के दो माह बाद भी नहीं हटा अवैध निर्माण

ऊसर भूमि पर दबंगों का कब्जा, नोटिस के दो माह बाद भी नहीं हटा अवैध निर्माण

संवादाता:पंकज मिश्रा

मैनपुरी। जनपद के तहसील घिरोर क्षेत्र के ग्राम शहजादपुर में ऊसर की सरकारी भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे और अवैध निर्माण को पांच दिन के भीतर तोड़ने का नोटिस भी चस्पा किया गया था। लेकिन नोटिस जारी होने के लगभग दो माह बाद भी कब्जाधारियों ने निर्माण नहीं हटाया, जिससे पीड़ित पक्ष में आक्रोश है।
बताया गया है कि गांव निवासी पीड़ित ने आरोप लगाया कि कुछ दबंगों ने ऊसर की भूमि पर जबरन कब्जा कर पक्का निर्माण शुरू कर दिया। मामले की शिकायत तहसील प्रशासन से की गई, जिस पर राजस्व टीम ने स्थल का निरीक्षण किया और कब्जा अवैध पाए जाने पर अतिक्रमण हटाने का नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस में पांच दिन के भीतर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे।
पीड़ित का कहना है कि नोटिस के बावजूद दबंगों ने न तो निर्माण हटाया और न ही प्रशासनिक निर्देशों का पालन किया। आरोप है कि कब्जाधारी लगातार निर्माण कार्य को बढ़ाते रहे, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई है। कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित ने पुनः जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़ित ने मांग की है कि ऊसर की भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो सरकारी भूमि पर कब्जे की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
इस संबंध में राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और अवैध कब्जा हटवाया जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें