इटावा में जातीय तनाव ने पकड़ा तूल ,पुलिस की हवाई फायरिंग से फैली अफरा-तफरी
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में जातीय विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। ‘अहीर रेजीमेंट’ और ‘यादव महासभा’ के कार्यकर्ताओं ने कथावाचकों के साथ हुई कथित बदसलूकी के विरोध में प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
विवाद की जड़: कथावाचकों के साथ कथित अभद्रता
घटना की शुरुआत 21 जून को हुई थी, जब कथावाचक मुकुट मणि यादव और संत कुमार यादव के साथ दांदरपुर गांव में कुछ लोगों ने जातिसूचक टिप्पणियां कीं और मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन विवाद तब और बढ़ गया जब कथावाचकों के खिलाफ भी छेड़खानी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हो गया। इससे यादव समाज में भारी रोष फैल गया।
नेशनल हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव
गुरुवार को सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और फिर हवाई फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
12 उपद्रवी हिरासत में, तनाव बरकरार
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके से 12 लोगों को हिरासत में लिया है और घटनास्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी गई है, लेकिन माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। प्रशासन लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अफवाह से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
ये भी पढ़ें पटना फ्लाईओवर पर महिंद्रा गाड़ी की टक्कर से मयूरी सवार सात लोग घायल, चालक फरार












