वृंदावन में यमुना हादसा: श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर पलटा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
रिपोर्ट: जय भगवान बघेल. वृंदावन (मथुरा)। यमुना नदी में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी सिटी सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है। नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, स्टीमर में सवार लोगों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
ये भी पढ़ें पट्टी में ‘इलाज’ के नाम पर बड़ा खेल।एक ₹पर्ची, हजारों की वसूली डॉक्टर–लैब गठजोड़ का खुलासा












