जनपद एटा के कैलाश मंदिर के पास झाड़ियों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। शहर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत कैलाश मंदिर के समीप शुक्रवार को झाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात कारणों से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि तालाब किनारे झाड़ियों में पहले भी कई बार आग लग चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।












