गृह निर्माण मंडल कार्यालय खाली! जानकारी मांगने पहुंचे नागरिकों को किया गया वापस
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
जिला बेमेतरा में स्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के स्थानीय कार्यालय को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सूचना का अधिकार (RTI) के तहत आवेदन जमा करने पहुंचे नागरिकों को कार्यालय में आवेदन लेने से साफ इनकार कर दिया गया। मौके पर मौजूद आवेदकों के अनुसार, जब उन्होंने RTI आवेदन जमा करने की कोशिश की तो कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों ने यह कहते हुए आवेदन लेने से मना कर दिया कि सभी अधिकारी कवर्धा में पदस्थ हैं और वहीं से कार्य संचालन होता है। कर्मचारियों ने आवेदकों को सलाह दी कि वे अपना आवेदन स्पीड पोस्ट के माध्यम से कवर्धा स्थित कार्यालय में भेजें। इस घटना से स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब बेमेतरा में कार्यालय स्थापित है, तो वहां RTI आवेदन स्वीकार न करना नियमों का उल्लंघन है। सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत किसी भी सार्वजनिक प्राधिकरण को आवेदन स्वीकार करना अनिवार्य है, चाहे अधिकारी मौजूद हों या नहीं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह कार्यालय केवल नाम मात्र के लिए संचालित हो रहा है। यहां न तो अधिकारी नियमित रूप से उपस्थित रहते हैं और न ही आम जनता की समस्याओं का समाधान किया जाता है। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और बेमेतरा कार्यालय को नियमित रूप से संचालित किया जाए, ताकि लोगों को अपने अधिकारों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।












