बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन हेतु चलाया गया संयुक्त रेस्क्यू अभियान
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार एटा, 03 जुलाई 2025 — बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद एटा में बालश्रम रोकथाम हेतु एक सघन अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) एवं नोडल अधिकारी एएचटी के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व एएचटी/एसजेपीयू प्रभारी निरीक्षक श्री अनिल कुमार सिंह ने किया, जो अपनी टीम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री राजबाबू एवं सहायक श्री बबलू के साथ अभियान में शामिल रहे। अभियान में हरियाणा से आए एक्सीलेट सिविल एकेडमी ट्रस्ट के श्री अम्बरीश कुमार तथा एटा के एनजीओ सदस्य श्री योगेश कुमार सहित अन्य सदस्य भी सहभागी रहे।
संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर एटा क्षेत्र के प्रमुख स्थानों — जैसे निधौली रोड, कासगंज रोड, रेलवे रोड, जीटी रोड, बाजार, चौराहे, बस स्टैंड, होटल, ढाबे, मैकेनिक की दुकानें आदि — पर बालश्रम, मानव तस्करी, भिक्षावृत्ति तथा शेल्टर होम से जुड़े मामलों की जांच की गई। अभियान के दौरान आम जनमानस को जागरूक करते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 (बाल सहायता), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 112 (आपातकालीन पुलिस सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) आदि की जानकारी भी दी गई।
जांच के दौरान कुल 06 बच्चों को बालश्रम करते हुए पाया गया, जिन्हें तुरंत मुक्त कराया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों के मालिकों/दुकानदारों के विरुद्ध चालान करते हुए विधिक कार्यवाही की गई। उन्हें बालश्रम कानूनों के तहत चेतावनी दी गई कि भविष्य में बालश्रम करवाते हुए पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को शासन की जीविकोपार्जन एवं पुनर्वास योजनाओं की जानकारी दी गई ताकि वे भविष्य में शिक्षा और सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। इसके अतिरिक्त भिक्षावृत्ति उन्मूलन हेतु शहर के विभिन्न स्थानों पर बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया गया।
यह अभियान बाल अधिकारों की रक्षा, बालश्रम एवं भिक्षावृत्ति उन्मूलन तथा जनजागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। भविष्य में भी इस प्रकार की सतत निगरानी एवं कार्यवाही की योजना बनाई जा रही है।
ये भी पढ़ें एटा: नगला बरी के पास सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत












