‘यूपी में जंगलराज, यहां अपराधी विशेष जाति के’:लखनऊ में स्वामी प्रसाद बोले- OBC पर एक्शन, ऊंची जातियों के लिए कानून दूसरा
स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत
लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि यूपी में जगलराज है। यहां अपराधी विशेष जाति के हैं। OBC और अल्पसंख्यकों पर कार्रवाई तुरंत की जाती है। ऊंची जातियों के लिए कानून दूसरा है। कौशांबी, देवरिया, कानपुर, हरदोई, गाजीपुर में युवतियों की हत्या की गई।हम इन जिलों के कप्तानों से और सरकार से पूछना चाहते हैं कि यहां क्या कार्रवाई हुई? किसी भी एक अपराधी पर कोई ऐसी कार्रवाई हुई है जो नजीर बने तो हमें बताया जाए। स्वामी प्रसाद ने शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता में ये सवाल किए।
‘पुलिस की लापरवाही से हुई घटना’
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि हरदोई की घटना पुलिस विभाग की नाकामी और लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने बताया कि मल्लावां थाने के इंस्पेक्टर और हरदोई एसपी ने संबंधित मामले में लापरवाही दिखाई जिसके बाद युवती को अपनी जान गंवानी पड़ी।युवती लगातार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। अंत में एक निर्दोष बेटी को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। महिला आरक्षण महिला सशक्तीकरण की बात करने वाली सरकार में महिलाओं की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। महिलाओं के लिए बात करना और काम करना दोनों में जमीन-आसमान का फर्क है।
पीड़ितों का साथ देने पर कार्रवाई’
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने गए तो उनपर कार्रवाई की गई उन्हें जेल भेजा जा रहा है। यह दर्शाता है कि यूपी में कानून व्यवस्था कितनी लाचार है। अपराधियों को संरक्षण और पीड़ितों का समर्थन करने वालों को जेल भेजा जा रहा है। अधिकतर जिलों में जंगलराज चल रहा है। योगीजी की पुलिस के कान पर जूं नहीं रेंग रही। अपराधी अधिकतर विशेष जाति के हैं जिन पर कार्रवाई नहीं होती। हम पूछना चाहते हैं कि अब ऐसे अपराधियों पर बुल्डोजर कब चलेगा ।












