कैसरगंज तहसील को मिली डिजिटल मैपिंग मशीन,अब मिनटों में होगी खेतों की सटीक पैमाइश
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर
बहराइच कैसरगंज तहसील क्षेत्र के किसानों और काश्तकारों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब खेतों की पैमाइश आधुनिक तकनीक से की जाएगी, क्योंकि कैसरगंज तहसील को नई डिजिटल मैपिंग मशीन उपलब्ध करा दी गई है। इस मशीन के जरिए खेतों की नाप अब पहले से कहीं ज्यादा आसान, तेज और सटीक तरीके से हो सकेगी। अब तक खेतों की पैमाइश जरीब के माध्यम से की जाती थी, जो वर्षों पुरानी पारंपरिक व्यवस्था है। यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, लेकिन अब डिजिटल मशीन के आने से पैमाइश कार्य को नई दिशा मिलेगी। जमीन की नाप में पारदर्शिता बढ़ेगी और विवादों के निस्तारण में भी मदद मिलेगी। इस नई तकनीक से किसानों को अपनी जमीन की सही माप आसानी से मिल सकेगी, जिससे दाखिल-खारिज, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्यों में तेजी आएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से सटीक पैमाइश की मांग उठ रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक तहसील को डिजिटल मैपिंग मशीन दी गई है। इसके जरिए काश्तकार अपनी जमीन की पैमाइश आसानी से करा सकेंगे और राजस्व विभाग के कार्यों में भी गति आएगी। कैसरगंज तहसील में डिजिटल मशीन पहुंचने से किसानों में खुशी का माहौल है और इसे आधुनिक प्रशासन की बड़ी पहल माना जा रहा है।












