प्रतापगढ़ में कोर्ट के समय में बदलाव, मई-जून में सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक चलेगी कार्यवाही
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। भीषण गर्मी को देखते हुए जनपद के न्यायालयों के समय में बदलाव किया गया है। जिला न्यायाधीश, प्रतापगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार मई व जून माह में सभी सिविल, फौजदारी एवं सत्र न्यायालयों की कार्यवाही प्रातः 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न होगी। यह व्यवस्था मुख्यालय स्थित न्यायालयों के साथ ही बाह्य न्यायालय कुंडा, लालगंज अजहरा तथा ग्राम न्यायालय पट्टी में भी लागू रहेगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि न्यायालय कार्यालय का समय प्रातः 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा, जिसमें प्रातः 10:30 बजे से 11 बजे तक अवकाश निर्धारित किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक नया समय 1 मई 2026 से प्रभावी होगा। संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रति प्रेषित कर दी गई है, ताकि निर्धारित समय के अनुसार न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
गौरतलब है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में न्यायालयों के समय में परिवर्तन किया जाता है, जिससे वादकारियों, अधिवक्ताओं व न्यायालय कर्मियों को राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें तहसीलदार के आदेश की अवहेलना, दबंगों ने जबरन जमीन पर किया कब्जा












