नौबस्ता के शुभम हॉस्पिटल में लापरवाही से गई प्रसूता की जान, परिजनों ने किया हंगामा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत. कानपुर: शहर के नौबस्ता गल्लामंडी के पास स्थित शुभम हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतका बीते 18 दिनों से हॉस्पिटल में भर्ती थी और डिलीवरी की प्रक्रिया के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने हॉस्पिटल प्रशासन और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृतका बिधनू थानाक्षेत्र के सीढ़ी इटारा गांव की निवासी थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के नाम पर जानबूझकर देरी की गई और लगातार बिल बढ़ाया गया, लेकिन समय पर उचित इलाज नहीं दिया गया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि शुभम हॉस्पिटल में न तो जरूरी मेडिकल सुविधाएं हैं और न ही प्रशिक्षित स्टाफ। इसके बावजूद वहां गंभीर मामलों का इलाज किया जा रहा है।
कानपुर में तेजी से फैलते अवैध हॉस्पिटलों की यह तस्वीर कोई नई नहीं है। हर गली-मोहल्ले में बिना मानकों और नियमों के हॉस्पिटल चल रहे हैं, जहां आए दिन मरीजों की जान लापरवाही के कारण चली जाती है।
सूत्रों के मुताबिक, कई बार मरीजों को ऐसे हॉस्पिटलों में बिचौलियों और झोलाछाप डॉक्टरों के जरिए भेजा जाता है, जिनका उद्देश्य सिर्फ कमीशन और मुनाफा होता है, न कि मरीज की जान बचाना।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से ऐसे हॉस्पिटलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें संपूर्ण समाधान दिवस में जन सुनवाई, डीएम-एसएसपी ने खुद सुनीं शिकायतें












