“कर्मा महोत्सव में गूंजा साहू समाज का शक्ति-संकल्प: दाढ़ी तहसील में नव पदाधिकारियों ने ली शपथ, समाज एकता का दिखा ऐतिहासिक संगम”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा :- तहसील साहू संघ दाढ़ी द्वारा आयोजित भव्य कर्मा महोत्सव इस वर्ष सामाजिक एकता, संगठन विस्तार और सांस्कृतिक गौरव का ऐतिहासिक प्रतीक बन गया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास के माहौल के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाजजनों की उपस्थिति ने इसे यादगार बना दिया। समारोह में तहसील, सभी परिक्षेत्रों एवं ग्रामीण इकाइयों के नव नियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व अध्यक्ष हस्तशिल्प विकास बोर्ड दीपक ताराचंद साहू ने समाज को शिक्षा, संगठन और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि साहू समाज हमेशा से सामाजिक समरसता और सेवा भावना का प्रतीक रहा है तथा युवाओं को समाज की परंपराओं और जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने के लिए आगे आना चाहिए। समारोह की अध्यक्षता जिला साहू संघ बेमेतरा के अध्यक्ष नारद साहू ने की। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए समाजहित में निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प दिलाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यकारी अध्यक्ष जिला दुर्ग लखन लाल साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, नवागढ़ तहसील अध्यक्ष प्रेमु साहू, बेमेतरा तहसील अध्यक्ष रोहित साहू, खमरिया तहसील अध्यक्ष बसंत साहू तथा नगर पंचायत अध्यक्ष भारती सूरज साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समाज की एकजुटता और कर्मा महोत्सव की भव्यता की सराहना करते हुए इसे सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी आयोजन बताया। कार्यक्रम के दौरान दाढ़ी तहसील अध्यक्ष मोहित साहू सहित विभिन्न परिक्षेत्र अध्यक्षों — कमलेश साहू, बलदाऊ साहू, धन्नूराम साहू एवं धनेश राम साहू तथा अन्य समाजिक पदाधिकारियों का शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया। कर्मा नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन स्थल में सामाजिक भाईचारे और सांस्कृतिक गौरव की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में समाज की उन्नति, युवाओं के भविष्य और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। दाढ़ी तहसील में आयोजित यह कर्मा महोत्सव साहू समाज की एकता, संस्कृति और संगठन शक्ति का ऐतिहासिक उदाहरण बनकर लंबे समय तक याद किया जाएगा।












