एटा में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान: मॉडिफाइड साइलेंसर और ड्रंक एंड ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई।
संवादाता अमन अहमद।
जनपद एटा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात संजय कुमार सिंह तथा एआरटीओ सत्येंद्र कुमार सिंह की अगुवाई में यह अभियान संचालित किया गया। शाम 6 बजे से 8 बजे तक चले इस विशेष अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल से अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाया, जबकि कुल 12 वाहनों के नॉइस पॉल्यूशन के तहत चालान किए गए। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण से बचने के लिए जागरूक भी किया।इसके साथ ही “ड्रंक एंड ड्राइव” अभियान के तहत मलावन टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस के टीआई और टीएसआई के साथ थाना मलावन, सकीट और रिजौर पुलिस की संयुक्त टीम ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान विशेष रूप से भारी वाहनों के चालकों की जांच की गई। जांच में 14 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी यातायात संजय कुमार सिंह ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न आमजन के लिए परेशानी का कारण बनते हैं और ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।












